WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Mahalaxmi Vrat Katha in Hindi: महालक्ष्मी व्रत कथा 2025: जानें पूरी कहानी और महत्व

Mahalaxmi Vrat Katha in Hindi: महालक्ष्मी व्रत कथा 2025: जानें पूरी कहानी और महत्व हम यहां आपको महालक्ष्मी व्रत कब से शुरू किया जाता हैं, और महालक्ष्मी व्रत मनाने के पीछे की व्रत कथा के बारे में यहां बताने जा रहे हैं नीचे बताई जा रही महालक्ष्मी व्रत कथा का पाठ आपको महालक्ष्मी व्रत के दिन करना चाहिए इससे महालक्ष्मी का आशीर्वाद प्राप्त होता हैं।

हमारी वेबसाइट FreeUpay.in (फ्री उपाय.इन) में रोजाना आने वाले व्रत त्यौहार की जानकारी के अलावा मुहूर्त, पूजा विधि, मंत्र, साधना, व्रत कथा, ज्योतिष उपाय, लाल किताब उपाय, स्तोत्र आदि महत्वपूर्ण जानकारी उबलब्ध करवाई जाएगी सभी जानकारी का अपडेट पाने के लिए दिए गये हमारे WhatsApp Group Link (व्हात्सप्प ग्रुप लिंक) क्लिक करके Join (ज्वाइन) कर सकते हैं।

हर समस्या का फ्री उपाय (Free Upay) जानने के लिए हमारे WhatsApp Channel (व्हात्सप्प चैनल) से जुड़ें: यहां क्लिक करें (Click Here)

Mahalaxmi Vrat Katha
Mahalaxmi Vrat Katha

Mahalaxmi Vrat 2025 Date: महालक्ष्मी व्रत कब है 2025

इस वर्ष 2025 में महालक्ष्मी (हाथी पूजा) व्रत भाद्रपद शुक्ल पक्ष की अष्टमी तिथि 31 अगस्त, 2025 वार रविवार से आश्विन मास की कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि 14 सितंबर, 2025 वार रविवार तक किया जायेगा।

संपूर्ण महालक्ष्मी व्रत कथा | Mahalaxmi Vrat Katha Full Story & Vidhi

एक समय महाराज युधिष्ठिर श्रीकृष्ण भगवान से बोले- ‘हे पुरुषोत्तम! नष्ट हुए अपने स्थान की पुन: प्राप्ति कराने वाले और पुत्र, आयु, ऐश्वर्य तथा मनोवांछित फल देने वाले किसी एक व्रत को मुझसे कहिए।

श्रीकृष्ण ने युधिष्ठिर से कहा- सतयुग के प्रारंभ में जिस समय दैत्यराज वृत्रासुर ने देवताओं के स्वर्गलोक में प्रवेश किया था, उस समय इन्द्र ने यही प्रश्न नारद से किया था।

नारदजी ने कहा- ‘हे इन्द्र! पूर्व समय में अत्यंत रमणीक पुरन्दपुर नामक नगर था। वह नगर धर्म, अर्थ, काम और मोक्ष इन चारों पुरुषार्थों का उत्पत्ति स्थल होने के कारण संसार का भूषण रूप था। उस नगर में मंगल नाम का राजा राज्य करता था। उसकी दो रानियां थीं। एक का नाम चिल्लदेवी तथा दूसरी का नाम चोलदेवी था।

एक समय राजा मंगल रानी चोलदेवी के साथ महल के शिखर पर बैठा था। वहां से उसकी दृष्टि समुद्र के जल से घिरे हुए एक स्थान पर पड़ी। उसे देखकर अति प्रसन्न चित राजा ने हंसकर चोलदेवी से कहा- हे चंचलाक्षि! मैं तुम्हारे लिए नंदन वन को भी लजाने वाला एक बगीचा बनवा दूंगा।

राजा के वाक्य को सुनकर रानी ने कहा- ‘हे कान्त! ऐसा ही करिए। तदनुसार राजा ने उस स्थान पर एक बगीचा बनवा दिया। थोड़े ही समय में वह बगीचा अनेक वृक्षों, लता, फूलों तथा पक्षियों से संपन्न हो गया। 

एक समय उस उद्यान में एक विकराल शरीर वाला मेघतुल्य शूकर आ गया। उसने वहां आकर अनेक वृक्षों को तोड़ डाला तथा उस उद्यान को नष्ट-भ्रष्ट कर दिया। कालतुल्य उस शूकर ने कई रखवालों को भी मार डाला। तब उद्यान के रक्षक भयभीत होकर राजा के पास गए और सब हाल कह सुनाया।

यह बात सुनकर राजा ने अपनी सेना को आज्ञा दी कि शीघ्र जाकर उस शूकर को मार डालो। तदंतर राजा भी एक मतवाले हाथी पर सवार होकर उद्यान की ओर चल पड़ा। सेना ने शूकर को चारों ओर से घेर लिया तब राजा ने उच्च घोष करके कहा- जिसके रास्ते से यह शूकराधम निकल जाएगा, उस सिपाही का सिर शत्रु की भांति काट डालूंगा। लेकिन वह शूकर उसी मार्ग से निकल गया, जिस मार्ग में राजा खड़ा तथा।

उस घोर वन में राजा एकाग्रचित होकर उस शूकर को ढूंढ रहा था। एकाएक शूकर से सामना हो गया। तब राजा ने बाण ने उसे घायल कर दिया। बाण के लगते ही शूकर अपने अधम शरीर को छोड़कर दिव्य गंधर्व स्वरूप को धारण कर विमान पर जा बैठा। 

गंधर्व बोला- हे महिपाल! आपका कल्याण हो। आपने मुझे शूकर योनि से छुड़ाया, सो बड़ी कृपा हो। अब मेरा हाल सुनिए। एक समय ब्रह्माजी देवताओं से घिरे बैठे थे और मैं उनको तरह-तरह के गुणों से युक्त गीत सुना रहा था। गाते-गाते में ताल-स्वर से भटक गया। इसी कारण ब्रह्माजी ने मुझ चित्ररथ गंधर्व को शाप दे दिया कि तू पृथ्‍वी पर जाकर शूकर होगा।

जिस समय राजाओं का राजा मंगल तुझे अपने हाथों से मारेगा, उस समय तू शूकर योनि से छूटकर फिर इस गंधर्व योनि को प्राप्त होगा। अतएव हे महिपति! मैं इस योनि में आया था। आज आपके हाथ से मरकर मैं शूकर योनि से छुटकारा पा गया।

 अब मैं प्रसन्न होकर देवताओं को भी दुर्लभ एक वर देता हूं, उसे स्वीकार्य करिए। धर्म, अर्थ, काम तथा मोक्ष को देने वाला यह एक महालक्ष्मी व्रत है। इसे करके आप सार्वभौम राजा हो जाएंगे। अब आप प्रसन्नचित होकर अपनी राजधानी को जाइए। 

नारदजी कहते हैं- चित्ररथ गंधर्व तत्क्षण अंतर्ध्यान हो गया। राजा मंगल ज्योंही चलने को हुआ, त्योंही एक बटुक बगल में शंबल (मार्ग-भोजन) लिए दिखाई दिया।

राजा ने बटुक से पूछा- तुम कौन हो? यहां किसलिए आए हो?

बटुक बोला- मैं आपके राज्य का एक ब्राह्मण बालक हूं तथा आपके साथ-साथ ही यहां आया हूं। मेरे योग्य कोई कार्य हो तो बताइए।

राजा ने कहा- आज से मैं तम्हें ‘नूतन’ कहूंगा। अगर यहां कोई जलाशय हो तो मेरे लिए थोड़ा जल ले आओ। बटुक राजा को एक बरगद के वृक्ष के नीचे बैठाकर स्वयं घोड़े पर सवार हो जल लेने आगे चल दिया। थोड़ी ही दूर जाने पर उसे एक अति रमणीक तालाब दिखाई दिया। मानो स्वयं भगवान विष्णु एवं लक्ष्मीजी का निवास स्थान हो। वह तालाब स्वच्छ जल से भरा हुआ तथा कमल पुष्पों से सुशोभित हो रहा था। तालाब के किनारे अनेक स्त्रियां कथा कह रही थीं।

बटुक ने स्त्रियों को अपना परिचय दिया तथा उनसे व्रत कथा के बारे में पूछा।

स्‍त्रियों ने कहा- हमने महालक्ष्मीजी का व्रत किया है, सो उनकी कथा कह रहे हैं। स्‍त्रियों ने बटुक को व्रत की विधि तथा फल बताया। स्‍त्रियों ने कहा कि तुम इस उत्तम व्रत को करो तथा अपने राजा से भी कराओ। यदि कोई उत्तम व्यक्ति मिल जाए तो उससे भी व्रत कराओ, किंतु नास्तिकों के सामने यह व्रत कभी न कहना। वह बटुक स्वयं पानी पी एवं घोड़े को पानी पिला राजा के लिए जल लेकर घोड़े पर सवार होकर चल दिया।

राजा को जल देकर उक्त व्रत का महात्म्य बताया और अनेक प्रकार की सामग्री एकत्र करके राजा से व्रत कराया। तदंतर वह राजेन्द्र घोड़े पर सवार होकर ब्राह्मण बटुक के साथ अपनी पुरी के निकट पहुंचा। अपने राजा को आते देखकर पुरवासियों ने तुरही आदि बाजाओं को बजाते, फूलमालाओं से उनका स्वागत किया। स्त्रियों के द्वारा फेंके हुए धान के लावों से पूजित हो उस ब्राह्मण बटुक के साथ राजा मंगल अपनी पटरानी चोलदेवी के महल में गया। जाते ही रानी ने राजा के हाथ में एक डोरा बंधा देखा।

इस पर रानी ने अत्यंत क्रोधित होकर कहा कि मालूम होता है राजा शिकार के बहाने किसी दूसरी स्त्री के पास गया था। उसी के सौभाग्य के लिए राजा ने हाथ में यह डोरा बांध रखा है। उसी का भेजा यह ब्राह्मण बालक भी मुझे देखने यहां आया है।

ऐसा विचार करके चोलदेवी ने राजा के हाथ में बंधा डोरा तोड़कर पृथ्वी पर डाल दिया। संयोगवश उसी समय चिल्लदेवी की एक दासी कुछ देखने आई थी, उसने वह डोरा उठाकर उस ब्राह्मण बटुक से उसका कारण पूछा- बटुक ने दासी को सारी बात बताई और व्रत के बारे में भी बताया। तब दासी ने चिल्लदेवी के पास जाकर वह व्रत बताया और ब्राह्मण को बुलाकर विधिवत महालक्ष्मीजी का उत्तम व्रत व पूजन किया।

एक वर्ष बाद महालक्ष्मी के दिन चिल्लदेवी के महल में बाजाओं का शब्द हुआ। यह शब्द राजा मंगल ने भी सुना। तब राजा को महालक्ष्‍मी के व्रत का ध्यान आया और वह बटुक से कहने लगा- अरे! आज महालक्ष्मी की पूजा का दिन है। मेरा वह डोरा कहा है? यह पूछने पर बटुक ने चोलदेवी के द्वारा डोरा तोड़े जाने की बात बताई। यह सुनकर राजा चोलदेवी पर कुपित हुआ और कहने लगा- आज मैं चिल्लदेवी के साथ ही पूजन करूंगा। तब राजा बटुक के साथ चिल्लदेवी के महल गया, तब ही लक्ष्मीजी एक वृद्धा का रूप धारण कर चोलदेवी के महल में उसकी परीक्षा लेने गई।

चोलदेवी ने वृद्धा को भला-बुरा कहकर वहां से चले जाने को कहा। तब वृद्धारूपी महालक्ष्मी ने चोलदेवी को श्राप दिया- तू शूकरमुखी हो जा और यह मंगलपुर कोलापुर हो जाए। तभी से यह नगर कोलापुर कहलाने लगा।

लक्ष्मीजी वहां से चलकर चिल्लदेवी के महल में आईं, तो वहां अनेक प्रकार से उनकी सम्मानपूर्वक पूजा हुई। पूजन के बाद चिल्लदेवी ने साक्षात् लक्ष्मीजी का पूजन किया। तब लक्ष्मीजी बोलीं- मैं तुमसे पूर्णत: संतुष्ट हूं। तुम जो चाहो सो वर मांगो। चिल्लदेवी ने कहा- हे सुरेश्वरी! जो आपका उत्तम व्रत करे, उसका घर आप कभी न त्यागें तथा कथा पढ़े या सुने उनको भी आप मनोवांछित फल दें।

महालक्ष्मीजी ‘तथास्थु’ कहकर अंतर्ध्यान हो गईं। राजा ने भी चिल्लदेवी के साथ पूजन की। उसी समय ईर्ष्यावश चोलदेवी भी चिल्लदेवी के यहां चली आई जबकि द्वारपालों ने बहुत मना किया, फिर भी एक न मानी। चोलदेवी ने वहां का हाल देखकर न जाने क्या सोचा और अंगिरा ऋषि के यहां आश्रम में चली गईं। महर्षि ने चोलदेवी का कुरूप चेहरा देखकर उससे महालक्ष्मी का व्रत पूजन कराया। महालक्ष्मी की पूजन व व्रत के प्रभाव से वह लावण्ययुक्त सुंदर स्त्री हो गईं।

किसी समय राजा ने शिकार खेलते हुए अंगिरा मुनि के आश्रम में सुंदर रूपयुक्त तथा चंचल नयनों वाली स्त्री को देखा। उसे देखकर राजा ने पूछा- यह दिव्य रूपधारिणी स्त्री कौन है?

मुनि ने चोलदेवी का सारा हाल बताकर उसे राजा को सौंप दिया। तब राजा नगर में आकर चोलदेवी और चिल्लदेवी के साथ अनेक प्रकार के सुख भोगने लगा। चिरकाल तक राजा सप्त द्वीपों से युक्त पृथ्‍वी पर राज्य करने लगा। महालक्ष्मी के व्रत के प्रभाव से बटुक राजा का मंत्री बना। वह राजा पृथ्‍वी के समस्त सुखों को भोगता हुआ अंत में जाकर आकाश में विष्णु देवत (श्रवण) नक्षत्र बनकर स्‍थित हुआ।

नारदजी बोले- हे इन्द्र! सब व्रतों में उत्तम व्रत मैंने तुमसे कहा है जिसकी कथा मात्र सुनने से मनोवांछित फल प्राप्त हो जाता है। जिस प्रकार तीर्थों में प्रयाग, देवताओं में भगवान और नदियों में गंगा पुनीत मानी जाती है, उसी प्रकार यह व्रत सभी व्रतों में उत्तम है।

हे इन्द्र! धर्म, काम और मोक्ष की इच्छा से तुम भी इस व्रत को करो। इसके करने से महालक्ष्मी धन, धान्य, कीर्ति, आयु, यश, पुत्र-पोत्रादिक सब कुछ देती हैं। श्रीकृष्ण, युधिष्ठिर से बोले- हे युधिष्ठिर! नारदजी द्वारा कहा गया यह व्रत देवराज इन्द्र ने किया, आप भी इस व्रत को करें तो अवश्य ही मनोवांछित फल की प्राप्ति होगी। यह कथा श्रीकृष्ण भगवान ने महाराज युधिष्ठिर से कही थी। अत: मनोकामना सिद्धि के लिए सभी लोगों को यह व्रत करना चाहिए।

‘इति भविष्योत्तर पुराणांतर्गत महालक्ष्मी व्रत कथा संपूर्णनम्।।’ 

महालक्ष्मी व्रत की प्रामाणिक कथा | Mahalaxmi Vrat Katha in Hindi (कथा-2)

गजलक्ष्मी व्रत कथा: जब कुंती के महल में पूजा गया ऐरावत हाथी

एक समय महर्षि श्री वेदव्यासजी हस्तिनापुर पधारे। उनका आगमन सुन महाराज धृतराष्ट्र उनको आदर सहित राजमहल में ले गए। स्वर्ण सिंहासन पर विराजमान कर उनका पूजन किया।

श्री व्यासजी से माता कुंती तथा गांधारी ने हाथ जोड़कर प्रश्न किया- हे महामुने! आप त्रिकालदर्शी हैं अत: आपसे हमारी प्रार्थना है कि आप हमको कोई ऐसा सरल व्रत तथा पूजन बताएं जिससे हमारा राज्यलक्ष्मी, सुख-संपत्ति, पुत्र-पोत्रादि व परिवार सुखी रहें।

इतना सुन श्री वेद व्यासजी कहने लगे- ‘हम एक ऐसे व्रत का पूजन व वर्णन कहते हैं जिससे सदा लक्ष्मीजी का निवास होकर सुख-समृद्धि की वृद्धि होती है। यह श्री महालक्ष्मीजी का व्रत है, इसे गजलक्ष्मी व्रत भी कहा जाता है। जिसे प्रतिवर्ष आश्विन कृष्ण अष्टमी को विधिवत किया जाता है।’

हे महामुने! इस व्रत की विधि हमें विस्तारपूर्वक बताने की कृपा करें। तब व्यासजी बोले- ‘हे देवी! यह व्रत भाद्रपद शुक्ल अष्टमी से प्रारंभ किया जाता है। इस दिन स्नान करके 16 सूत के धागों का डोरा बनाएं, उसमें 16 गांठ लगाएं, हल्दी से पीला करें। प्रतिदिन 16 दूब व 16 गेहूं डोरे को चढ़ाएं। आश्विन (क्वांर) कृष्ण अष्टमी के दिन उपवास रखकर मिट्टी के हाथी पर श्री महालक्ष्मीजी की प्रतिमा स्थापित कर विधिपूर्वक पूजन करें।

इस प्रकार श्रद्धा-भक्ति सहित महालक्ष्मीजी का व्रत, पूजन करने से आप लोगों की राज्यलक्ष्मी में सदा अभिवृद्धि होती रहेगी। इस प्रकार व्रत का विधान बताकर श्री वेदव्यासजी अपने आश्रम को प्रस्थान कर गए।

इधर समयानुसार भाद्रपद शुक्ल अष्टमी से गांधारी तथा कुंती अपने-अपने महलों में नगर की स्‍त्रियों सहित व्रत का आरंभ करने लगीं। इस प्रकार 15 दिन बीत गए। 16वें दिन आश्विन कृष्ण अष्टमी के दिन गांधारी ने नगर की स‍भी प्रतिष्ठित महिलाओं को पूजन के लिए अपने महल में बुलवा लिया। माता कुंती के यहां कोई भी महिला पूजन के लिए नहीं आई। साथ ही माता कुंती को भी गांधारी ने नहीं बुलाया। ऐसा करने से माता कुंती ने अपना बड़ा अपमान समझा। उन्होंने पूजन की कोई तैयारी नहीं की एवं उदास होकर बैठ गईं।

जब पांचों पांडव युधिष्ठिर, अर्जुन, भीम, नकुल और सहदेव महल में आए तो कुंती को उदास देखकर पूछा- हे माता! आप इस प्रकार उदास क्यों हैं? आपने पूजन की तैयारी क्यों नहीं की?’ तब माता कुंती ने कहा- ‘हे पुत्र! आज महालक्ष्मीजी के व्रत का उत्सव गांधारी के महल में मनाया जा रहा है।

उन्होंने नगर की समस्त महिलाओं को बुला लिया और उसके 100 पुत्रों ने मिट्टी का एक विशाल हाथी बनाया जिस कारण सभी महिलाएं उस बड़े हाथी का पूजन करने के लिए गांधारी के यहां चली गईं, लेकिन मेरे यहां नहीं आईं। यह सुनकर अर्जुन ने कहा- ‘हे माता! आप पूजन की तैयारी करें और नगर में बुलावा लगवा दें कि हमारे यहां स्वर्ग के ऐरावत हाथी की पूजन होगी।’

इधर माता कुंती ने नगर में ढिंढोरा पिटवा दिया और पूजा की विशाल तैयारी होने लगी। उधर अर्जुन ने बाण के द्वारा स्वर्ग से ऐरावत हाथी को बुला लिया। इधर सारे नगर में शोर मच गया कि कुंती के महल में स्वर्ग से इन्द्र का ऐरावत हाथी पृथ्वी पर उतारकर पूजा जाएगा। समाचार को सुनकर नगर के सभी नर-नारी, बालक एवं वृद्धों की भीड़ एकत्र होने लगी। उधर गांधारी के महल में हलचल मच गई। वहां एकत्र हुईं सभी महिलाएं अपनी-अपनी थालियां लेकर कुंती के महल की ओर जाने लगीं। देखते ही देखते कुंती का सारा महल ठसाठस भर गया।

माता कुंती ने ऐरावत को खड़ा करने हेतु अनेक रंगों के चौक पुरवाकर नवीन रेशमी वस्त्र बिछवा दिए। नगरवासी स्वागत की तैयारी में फूलमाला, अबीर, गुलाल, केशर हाथों में लिए पंक्तिबद्ध खड़े थे। जब स्वर्ग से ऐरावत हाथी पृथ्‍वी पर उतरने लगा तो उसके आभूषणों की ध्वनि गूंजने लगी। ऐरावत के दर्शन होते ही जय-जयकार के नारे लगने लगे।

सायंकाल के समय इन्द्र का भेजा हुआ हाथी ऐरावत माता कुंती के भवन के चौक में उतर आया, तब सब नर-नारियों ने पुष्प-माला, अबीर, गुलाल, केशर आदि सुगंधित पदार्थ चढ़ाकर उसका स्वागत किया। राज्य पुरोहित द्वारा ऐरावत पर महालक्ष्मीजी की मूर्ति स्थापित करके वेद मंत्रोच्चारण द्वारा पूजन किया गया। नगरवासियों ने भी महालक्ष्मी पूजन किया। फिर अनेक प्रकार के पकवान लेकर ऐरावत को खिलाए और यमुना का जल उसे पिलाया गया। राज्य पुरोहित द्वारा स्वस्ति वाचन करके महिलाओं द्वारा महालक्ष्‍मी का पूजन कराया गया।

16 गांठों वाला डोरा लक्ष्मीजी को चढ़ाकर अपने-अपने हाथों में बांध लिया। ब्राह्मणों को भोजन कराया गया। दक्षिणा के रूप में स्वर्ण आभूषण, वस्त्र आदि दिया गया। तत्पश्चात महिलाओं ने मिलकर मधुर संगीत लहरियों के साथ भजन कीर्तन कर संपूर्ण रात्र‍ि महालक्ष्‍मी व्रत का जागरण किया। दूसरे दिन प्रात: राज्य पुरोहित द्वारा वेद मंत्रोच्चार के साथ जलाशय में महालक्ष्मीजी की मूर्ति का विसर्जन किया गया। फिर ऐरावत को बिदाकर इन्द्रलोक को भेज दिया।

इस प्रकार जो स्‍त्रियां श्री महालक्ष्मीजी का विधिपूर्वक व्रत एवं पूजन करती हैं, उनके घर धन-धान्य से पूर्ण रहते हैं तथा उनके घर में महालक्ष्मीजी सदा निवास करती हैं। इस हेतु महालक्ष्मीजी की यह स्तुति अवश्य बोलें-

संपूर्ण हाथीपूजा (महालक्ष्मी) व्रत कथा | Hathipuja Vrat Katha Full Story & Vidhi (कथा-3)

पुराणों में वर्णित कथानुसार प्राचीन समय में एक नगर में एक दरिद्र ब्राह्मण निवास करता था। वो दरिद्र ब्राह्मण भगवान विष्णु का परम भक्त था। वो हर दिन विधि-विधान के साथ विष्णु जी की पूजन करता था। भगवान विष्णु उसकी भक्ति देखकर उस पर प्रसन्न हो गये। और उसे दर्शन देकर वर माँगने को कहा। उस दरिद्र ब्राह्मण ने भगवान विष्णु से कहा- हे प्रभु! मैं चाहता हूँ, की मेरे घर में माँ लक्ष्मी का स्थायी निवास हो। मेरे पास धन-धान्य की कभी कमी ना हो।

तब भगवान विष्णु ने उस ब्राह्मण को कहा- हे प्रिय ब्राह्मण! मैं तुम्हे इसका उपाय बताता हूँ। प्रतिदिन एक वृद्ध स्त्री मंदिर के सामने उपले थापती है, वो वृद्ध स्त्री स्वयं लक्ष्मी जी हैं। तुम प्रात:काल जाकर उनसे अपने घर आने की प्रार्थना करो। वो अगर तुम्हारी प्रार्थना स्वीकर कर लेंगी, तो तुम्हारे घर में किसी भी चीज की कोई कमी नही रहेगी। ब्राह्मण को यह सब बताकर भगवान विष्णु वहाँ से अंर्तध्यान हो गए।

अगले दिन ही ब्राह्मण प्रात:काल जल्दी उठकर मंदिर के द्वार पर जाकर बैठ गया। जब उपले थापने के लिये वो वृद्ध स्त्री मंदिर आई, तो भगवान विष्णु के कथनानुसार उस ब्राह्मण ने अपने घर आने के लिये उस वृद्ध स्त्री को निमंत्रण दिया। ब्राह्मण ने जब माँ लक्ष्मी को अपने घर आने का निमंत्रण दिया, तो वो जान गई की उसे भगवान विष्णु ने ऐसा करने के लिए कहा हैं।

तब माँ लक्ष्मी ने उस ब्राह्मण को लक्ष्मी प्राप्ति का उपाय बताया और कहा हे ब्राह्मण! तुम सोलह दिनों तक चलने वाले महालक्ष्मी व्रत का पालन करो। उस व्रत का पालन करने से तुम्हारी सभी मनोकामनायें पूर्ण हो जायेंगी। उस ब्राह्मण को व्रत का सारा विधान बताकर माता लक्ष्मी वहाँ से अंतर्ध्यान हो गई। माँ लक्ष्मी के द्वारा बताये गये महालक्ष्मी व्रत का उस ब्राह्मण ने पूरी श्रद्धा और भक्ति के साथ पालन किया। फिर उत्तर दिशा की ओर मुख करके उसने माँ लक्ष्मी का आवाहन किया तो माँ लक्ष्मी जी ने उसकी मनोकामना पूर्ण करी।

वैदिक उपाय और 30 साल फलादेश के साथ जन्म कुंडली बनवाए केवल 500/- रूपये में: पूरी जानकारी यहां पढ़े

10 वर्ष के उपाय के साथ अपनी लाल किताब की जन्मपत्री बनवाए केवल 500/- रूपये में: पूरी जानकारी यहां पढ़े

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Leave a Comment

Call Us Now
WhatsApp
We use cookies in order to give you the best possible experience on our website. By continuing to use this site, you agree to our use of cookies.
Accept